भारत को पैरा विश्व रैंकिंग तीरंदाजी में दो स्वर्ण सहित पांच पदक, अर्जुन मुंडा ने तीरंदाजों को किया सम्मानित
ANI NEWS INDIA
नयी दिल्ली। भारतीय पैरा तीरंदाज राकेश कुमार ने दुबई में फाजा विश्व रैंकिंग टूर्नामेंट में कंपाउंड व्यक्तिगत जबकि हरविंदर सिंह और पूजा की जोड़ी ने रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। राकेश ने फाइनल में हमवतन श्याम सुंदर को 143-135 से हराया जबकि सेमीफाइनल में उन्होंने तुर्की के अज्ञान को 143-138 से शिकस्त दी। हरविंदर और पूजा ने फाइनल में तुर्की की दुनिया की नंबर एक जोड़ी को हराया। श्याम सुंदर और ज्योति बालियान ने कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा का रजत पदक जीता। इन दोनों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी रजत पदक जीते।
आज मैंने भारतीय पैरा तीरंदाजों का अभिनंदन किया।भारत ने 7वीं फाजा पैरा तीरंदाजी विश्व रैंकिंग चैंपियनशिप-दुबई 2021 में पांच पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया। भारत ने 2 गोल्ड, 3 सिल्वर मेडल के साथ शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।मेरी शुभकामनाएं।💐 pic.twitter.com/ADIVsTFPkw
— Arjun Munda (@MundaArjun) February 28, 2021
इस प्रतियोगिता के साथ एक साल बाद पैरा तीरंदाजी की वापसी हो रही है। प्रतियोगिता में 11 देशों के 70 तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा और वरिष्ठ अधिकारी वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को यहां एक कार्यक्रम में तीरंदाजों को सम्मानित किया। मुंडा ने उम्मीद जतायी कि भारतीय तीरंदाज इस साल तोक्यो में होने वाले पैरालंपिक में भी पदक जीतने में सफल रहेंगे। इस अवसर पर दिग्गज निशानेबाज लिंबा राम ने तीरंदाजों को आगे बेहतर प्रदर्शन करने के लिये प्रेरित किया।